Skip to content
HindiCBSE Class 10 · Course A · Board exam 2025, set 3/2/1 · 7 marks · Reading comprehension

CBSE Class 10 Hindi Course A 2025: question 2

Set in the CBSE Class 10 board exam of 2025, paper 3/2/1, section क, question 2, for 7 marks. Try it first; the hints and our step-by-step solution are below.

Q2 · 7 marks · Reading comprehensionCompetency-basedReading (unseen passages)

निम्नलिखित काव्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर लिखिए :

प्राइवेट बस का ड्राइवर है तो क्या हुआ
सात साल की बच्ची का पिता तो है !
सामने गियर से ऊपर
हुक से लटका रक्खी हैं
काँच की चार चूड़ियाँ गुलाबी
बस की रफ़्तार के मुताबिक
हिलती रहती हैं ...
झुककर मैंने पूछ लिया
खा गया मानो झटका
अधेड़ उम्र का मुच्छड़ रोबीला चेहरा
आहिस्ते से बोला : हाँ सा'ब
लाख कहता हूँ, नहीं मानती है मुनिया
टाँगे हुए है कई दिनों से
अपनी अमानत
यहाँ अब्बा की नज़रों के सामने
मैं भी सोचता हूँ
क्या बिगाड़ती हैं चूड़ियाँ
किस जुर्म पे हटा दूँ इनको यहाँ से ?
और ड्राइवर ने एक नज़र मुझे देखा
और मैंने एक नज़र उसे देखा
छलक रहा था दूधिया वात्सल्य बड़ी-बड़ी आँखों में
तरलता हावी थी सीधे-सादे प्रश्न पर
और अब वे निगाहें फिर से हो गईं सड़क की ओर
और मैंने झुककर कहा –
हाँ भाई, मैं भी पिता हूँ
वो तो बस यूँ ही पूछ लिया आपसे
वर्ना ये किसको नहीं भाएँगी ?
नन्हीं कलाइयों की गुलाबी चूड़ियाँ !

  1. (i)

    बस में कवि को सबसे अधिक आकर्षित करने वाली बात क्या थी ?

    1. (A)बस की रफ़्तार
    2. (B)ड्राइवर का रोबीला चेहरा
    3. (C)सात साल की बच्ची की मौज़ूदगी
    4. (D)लटकी हुई गुलाबी चूड़ियाँ
    1 mark
  2. (ii)

    निम्नलिखित कथन और कारण को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए विकल्पों से सही उत्तर चुनकर लिखिए :
    कथन : बस का ड्राइवर चूड़ियों को हटाने के विषय में सोचता है।
    कारण : चूड़ियों से बस चलाने में बाधा पहुँचती है।
    विकल्प :

    1. (A)कथन ग़लत है, परंतु कारण सही है।
    2. (B)कथन और कारण दोनों ग़लत हैं।
    3. (C)कथन सही है, परंतु कारण ग़लत है।
    4. (D)कथन और कारण दोनों सही हैं।
    1 mark
  3. (iii)

    कवि ने 'गुलाबी चूड़ियों' के विषय में बस के ड्राइवर से क्यों पूछा था ?

    1. (A)सहज जिज्ञासा वश
    2. (B)आपत्ति जताने के लिए
    3. (C)कवि भी पिता था इसलिए
    4. (D)सफ़र की ऊब को दूर करने के लिए
    1 mark
  4. (iv)

    कविता का मूल भाव क्या है ? इसे पढ़ते हुए आप स्वयं क्या महसूस करते हैं ?

    2 marks
  5. (v)

    बस की गियर से ऊपर लटकी गुलाबी चूड़ियों को किसने और क्यों लटकाया है ?

    2 marks

Source: official question paper from cbse.gov.in (PDF). See it in the full 2025 board paper, set 3/2/1.

Hints

Open one hint at a time and try again before the next.

Hint 1

चूड़ियाँ कहाँ और किस रंग की लटकी थीं, यह पंक्तियों में देखिए।

Hint 2

ड्राइवर 'किस जुर्म पे हटा दूँ' कहकर क्या संकेत देता है?

Hint 3

(iv) और (v): दोनों पिताओं की भावना और मुनिया के कहने पर ध्यान दीजिए।

Step-by-step solution

Each step shows the marks it earns, as an examiner would award them. Checked by an independent re-solve from the question paper.

  1. (i) कवि की नज़र गियर के ऊपर हुक से लटकी, बस की रफ़्तार से हिलती गुलाबी चूड़ियों पर गई। इसलिए उत्तर (D) लटकी हुई गुलाबी चूड़ियाँ है।

    1 mark
  2. (ii) ड्राइवर चूड़ियों को हटाने की बात सोचता ही नहीं। वह कहता है कि 'किस जुर्म पे हटा दूँ इनको'। कथन ग़लत है। चूड़ियाँ बस चलाने में बाधा भी नहीं हैं, इसलिए कारण भी ग़लत है। उत्तर (B)।

    1 mark
  3. (iii) कवि ने चूड़ियों के बारे में बिना किसी आपत्ति के, सहज उत्सुकता से पूछा था। उसने स्वयं कहा, 'वो तो बस यूँ ही पूछ लिया'। उत्तर (A)।

    1 mark
  4. (iv) मूल भाव: कविता में पिता का वात्सल्य और संवेदनशीलता दिखती है। कवि और ड्राइवर समाज के अलग वर्गों के हैं, फिर भी पितृत्व के भाव से दोनों जुड़ जाते हैं। निजी अनुभव: इसे पढ़कर मन कोमल और आत्मीय हो उठता है। अपने पिता के प्रति आदर और स्नेह जागता है।

    2 marks
  5. (v) चूड़ियाँ ड्राइवर की सात साल की बेटी मुनिया ने लटकाई हैं। उसने उन्हें अपनी अमानत और निशानी के रूप में पिता की आँखों के सामने रखा है। वे उसके प्रेम और मासूमियत की याद हैं। वे पिता के वात्सल्य और बेटी से भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक हैं।

    2 marks

Answer: (i) D; (ii) B; (iii) A; (iv) पिता का वात्सल्य और वर्गों के बीच मानवीय जुड़ाव, पाठक के मन में कोमलता; (v) ड्राइवर की बेटी मुनिया ने, अपनी अमानत/निशानी पिता की नज़र के सामने रखने के लिए

Where the marks are

  • (i) सही विकल्प D (1 अंक)
  • (ii) सही विकल्प B (1 अंक)
  • (iii) सही विकल्प A (1 अंक)
  • (iv) मूल भाव तथा निजी अनुभूति, दोनों भाग (2 अंक)
  • (v) किसने और क्यों, दोनों भाग (2 अंक)

Revise the chapter

  • Chapter: Reading (unseen passages)

The question is transcribed from the official paper; figures are described in words. The solution, hints and chapter tag are ours. Spotted an error? Write tosupport@questionbuddy.in.